Today Wednesday, 18 November 2026

/ समाचार / लॉ एंड ऑर्डर

सोने में अदृश्य मिलावट से सावधान


डिजिटल टीम :
शादियों के सीजन के बीच सोने की शुद्धता को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक मीडिया इन्वेस्टिगेशन में खुलासा हुआ है कि भारतीय सराफा बाजार में सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें 'रेनियम' (Rhenium) नाम के एक भारी धातु पाउडर की मिलावट की जा रही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह मिलावट इतनी शातिराना है कि हॉलमार्किंग सेंटर की आधुनिक XRF मशीनें, एसिड टेस्ट और अनुभवी सुनार भी इसे पकड़ने में नाकाम साबित हो रहे हैं। 

क्या है पूरा मामला?
जोधपुर में किए गए एक स्टिंग और प्रयोग में 7.830 ग्राम शुद्ध (24 कैरेट) सोने में 1 ग्राम रेनियम पाउडर (करीब 10-11% मात्रा) मिलाया गया। इससे सोने का कुल वजन बढ़कर 8.830 ग्राम हो गया। इसके बाद जब इस मिश्रित सोने से गहना तैयार कर अलग-अलग शोरूम और हॉलमार्किंग सेंटर में इसकी जांच कराई गई, तो मशीनों ने इसे 22 कैरेट (916) शुद्ध सोना बताकर हॉलमार्क भी जारी कर दिया, जबकि वास्तव में इसमें सोने की शुद्धता घटकर करीब 20 कैरेट (81.73%) ही रह गई थी।

मशीनें क्यों नहीं पकड़ पा रहीं यह मिलावट?
  • सोने जैसा घनत्व (Density): रेनियम एक दुर्लभ और भारी धातु है, जिसका घनत्व लगभग 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है, जो शुद्ध सोने (19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर) के काफी करीब है। इसी वजह से वजन और घनत्व के आधार पर होने वाली जांच में यह पकड़ में नहीं आता। 
 
  • सामान्य जांच में चकमा: परंपरागत एसिड टेस्ट, कसौटी (Touchstone) जांच और सामान्य एक्स-रे फ्लोरोसेंस (XRF) मशीनें धातु की ऊपरी सतह की जांच करती हैं, जिससे अंदर घुले रेनियम की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। 

चीन से जुड़े हैं तार, भारत में सक्रिय हैं एजेंट
बताया जा रहा है कि इस पाउडर की सप्लाई का कनेक्शन चीन के शेनझेन शहर से जुड़ा पाया गया है। दावा किया जा रहा है कि इसे सोने में 25 प्रतिशत तक मिलाने पर भी सामान्य जांच में पकड़ पाना कठिन है। देश के कई बड़े शहरों, जैसे मुंबई और अहमदाबाद में सक्रिय एजेंटों के जरिए यह पाउडर (जिसे बाजार में कोड वर्ड में 'गोल्ड पाउडर' भी कहा जा रहा है) आसानी से उपलब्ध हो रहा है।


ग्राहकों पर सीधा असर और बचाव के तरीके
इस तरह की मिलावट से ग्राहकों को प्रति 10 ग्राम सोने पर हजारों रुपये का सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है, क्योंकि वे 22 कैरेट के दाम चुकाकर 20 कैरेट या उससे कम शुद्धता का सोना खरीद रहे हैं। 


सावधानी के लिए जानकारी 
  • सावधानी बरतें: विशेषज्ञों और सराफा एसोसिएशन का सुझाव है कि ग्राहक हमेशा विश्वसनीय और प्रतिष्ठित ज्वेलर्स से ही सोना खरीदें। 
 
  • HUID नंबर जांचें: गहना खरीदते समय उस पर मौजूद 6 अंकों के अल्फ़ान्यूमेरिक HUID नंबर को आधिकारिक BIS Care ऐप पर जरूर सत्यापित करें और पक्का बिल लें। 
 
  • असामान्य छूट से बचें: बाजार भाव से काफी कम कीमत या बेहद सस्ते मेकिंग चार्ज का लालच देने वाले विक्रेताओं से सावधान रहें।

Related Articles

Designed & Maintained by Webxces

© 2025 | News WiFi