/ समाचार / ग्लोबल ब्रेकिंग
बांग्लादेश में हिन्दू अभिनेत्री ज्योतिका को रात को उठाया
ढाका/बांग्लादेश:
बांग्लादेश की चर्चित अभिनेत्री ज्योतिका ज्योति को ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच (DB) ने गुरुवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई में उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ढाका की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
आधी रात को घर पर दबिश और फेसबुक लाइव
पुलिस की टीम ने आज गुरुवार तड़के करीब 2:30 से 2:45 बजे के बीच राजधानी ढाका के उत्तरा इलाके (सेक्टर-18) स्थित उनके अपार्टमेंट पर छापा मारा। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही ज्योतिका ज्योति ने अपने फेसबुक अकाउंट से कई बार लाइव आकर इस कार्रवाई की जानकारी दी।
लाइव वीडियो के दौरान अभिनेत्री भावुक होकर रोती हुई नजर आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी गिरफ्तारी वारंट के उनके घर पहुंची है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गुहार लगाते हुए कहा, "मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। यदि आप मुझे फोन करके बुलाते, तो मैं खुद थाने या डीबी ऑफिस आ जाती। कृपया मुझे हथकड़ी न लगाएं, मैं आपके साथ चलने को तैयार हूं।" बाद में पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए मिंटो रोड स्थित डीबी कार्यालय ले गई।
किस मामले में हुई कार्रवाई?
रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्योतिका ज्योति को जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए हत्या के प्रयास के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।
- मामले का विवरण: 19 जुलाई 2024 को भटारा पुलिस स्टेशन के सामने हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एनामुल हक नाम के एक व्यक्ति को गोली लगी थी। इस घटना को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना समेत 283 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें ज्योतिका ज्योति का नाम भी शामिल था।
- कोर्ट का आदेश: गुरुवार को पुलिस ने उन्हें ढाका के मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट मोहम्मद अशरफुल हक की अदालत में पेश किया। जांच अधिकारी की अपील पर अदालत ने मामले की जांच पूरी होने तक उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।
विवादों से रहा है पुराना नाता
अवामी लीग की समर्थक मानी जाने वाली ज्योतिका ज्योति पहले भी विवादों में रही हैं। अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद 'आलो आश्बेई' (Alo Ashbei) नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप के स्क्रीनशॉट वायरल हुए थे। आरोप था कि इस ग्रुप में शामिल कलाकारों और पत्रकारों ने छात्र आंदोलन के दौरान हिन्दू विरोधी हिंसा के खिलाफ नकारात्मक टिप्पणियां की थी, जिसमें ज्योति भी शामिल थीं। हालांकि, उन्होंने अपनी सफाई में कहा था कि ग्रुप का उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था। इस विवाद के चलते उन्हें बांग्लादेश शिल्पकला अकादमी के निदेशक पद से भी हटा दिया गया था।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में इन दिनों राजनीतिक तनाव चरम पर है और अवामी लीग के राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान के बीच पुलिस ने पूर्व मंत्रियों समेत कई समर्थकों के खिलाफ धरपकड़ तेज कर दी है।
Related Articles