डिजिटल टीम :
जब कहानियाँ बॉर्डर पार करती हैं, तो वे ऐसे मधुर सम्बन्ध बनाती है जो स्क्रीन से कहीं आगे तक जाते हैं, ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य और प्रिंस ऑफ वेल्स, प्रिंस विलियम ने आज अपनी भारत यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन मुंबई स्थित मशहूर फिल्म निर्माण कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस के कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सिनेमा की वैश्विक लोकप्रियता और भारत-ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक सहयोग के पहलुओं को समझा।
धर्मा प्रोडक्शंस का बयान
इस खास अवसर पर धर्मा प्रोडक्शंस ने कहा कि हमारे लिए हिज़ रॉयल हाइनेस द प्रिंस ऑफ़ वेल्स, प्रिंस विलियम को होस्ट करना बहुत सम्मान की बात थी, जहाँ सिनेमा और कहानी कहने पर बातचीत हुई। इसमें 'कभी खुशी कभी गम' के बनने के किस्से सुनाकर पुरानी यादों में खो जाना भी शामिल था, जिसके जल्द ही 25 साल पूरे होने वाले हैं।
करण जौहर और सैफ का बयान
मुलाकात के बाद करण जौहर ने इसे बेहद सम्मानजनक अनुभव बताते हुए कहा कि प्रिंस विलियम ने भारतीय भाषाओं की फिल्मों के वैश्विक विस्तार में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने यह भी बताया कि प्रिंस ने 'कभी खुशी कभी गम' देखने का वादा किया है।
वहीं, सैफ अली खान ने बताया कि उनके बीच फिल्मों, संगीत और क्रिकेट पर हल्की-फुल्की बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने अपने पिता मंसूर अली खान पटौदी के इंग्लैंड से जुड़े क्रिकेट संबंधों को भी याद किया एवं थोड़ी मस्ती भरी बातचीत भी हुई।
इस खास मुलाकात की मुख्य बातें:
- बॉलीवुड अंदाज में भव्य स्वागत: धर्मा प्रोडक्शंस के कार्यालय पहुंचने पर प्रिंस विलियम का पारंपरिक और भव्य बॉलीवुड अंदाज में स्वागत किया गया। उनके सम्मान में लाइव डांस परफॉर्मेंस का आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों ने मशहूर गानों 'बोले चूड़ियां' और 'शावा शावा' पर नृत्य प्रस्तुत किया।
- भारतीय सिनेमा पर चर्चा: मुलाकात के दौरान करण जौहर ने प्रिंस विलियम को भारतीय सिनेमा की दुनियाभर में बढ़ती लोकप्रियता, ब्रिटेन (UK) के बाजार में हिंदी फिल्मों के शानदार प्रदर्शन और देश की विभिन्न भाषाओं में बन रही फिल्मों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
- खास मौजूदगी: प्रिंस विलियम ने डांस कलाकारों से बातचीत भी किया और इस अवसर पर करीना कपूर खान और सैफ अली खान के साथ-साथ धर्मा प्रोडक्शंस के सीईओ अपूर्व मेहता भी मौजूद रहे।
भारत-ब्रिटेन सिनेमाई रिश्ते
करीब 45 मिनट तक चली इस मुलाकात में भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) की फिल्म इंडस्ट्री के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। धर्मा प्रोडक्शंस की कई फिल्में ब्रिटेन में शूट हुई हैं और दिसंबर में 'कभी खुशी कभी गम' अपनी रिलीज के 25 साल भी पूरे करने जा रही है।
मजबूत हुई बॉलीवुड की तस्वीर
ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य की इस बॉलीवुड यात्रा की तस्वीरें और वीडियो दुनिया भर के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसे भारतीय फिल्म उद्योग के वैश्विक प्रभाव के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है।