/ मनोरंजन / भारतीय सिनेमा
पाकिस्तानी वेब सीरीज भारत में बैन
डिजिटल टीम :
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि पाकिस्तान में बनी कोई भी वेब सीरीज या डिजिटल कंटेंट भारत में स्ट्रीम नहीं किया जाना चाहिए। यह कदम नेटफ्लिक्स की आगामी पाकिस्तानी ओरिजिनल वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' (Jo Bachay Hain Sang Samait Lo) की भारत में संभावित रिलीज को लेकर उठे विवाद और शिकायतों के बाद उठाया गया है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में नेटफ्लिक्स ने फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और अहद रजा मीर अभिनीत अपनी पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर जारी किया है। यह सीरीज 4 दिसंबर 2026 को ग्लोबल स्तर पर रिलीज होने वाली है। ट्रेलर सामने आने के बाद और भारत में नेटफ्लिक्स की 'कमिंग सून' लिस्ट में इसके दिखने पर देशभर में विरोध शुरू हो गया।
मंत्रालय ने याद दिलाई पुरानी एडवाइजरी
मामले की गंभीरता और मिली शिकायतों को देखते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी की गई अपनी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने को कहा है। गौरतलब है कि पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर सरकार ने सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान मूल के कंटेंट को भारत में ब्लॉक करने का निर्देश दिया था। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दिए गए उसके उस आश्वासन की भी याद दिलाई है, जिसमें कंपनी ने भारतीय दर्शकों के लिए पाकिस्तानी कंटेंट उपलब्ध न कराने की बात कही थी। [
फिल्म संगठनों ने दी थी बॉयकॉट की चेतावनी
इससे पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी इस सीरीज पर कड़ा ऐतराज जताया था। AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी, जबकि FWICE ने चेतावनी दी थी कि यदि यह शो भारत में स्ट्रीम हुआ, तो वे देश में नेटफ्लिक्स के सभी प्रोजेक्ट्स की शूटिंग रुकवा देंगे।
Related Articles