Today Friday, 06 November 2026

/ समाचार / लॉ एंड ऑर्डर

​₹5 करोड का हफ्ता मांगने वाला IT इंजीनियर गिरफ्तार


मुंबई /महाराष्ट्र :
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड सितारों को सोशल मीडिया पर धमकी देने और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय आईटी (IT) इंजीनियर और आईआईटी (IIT) ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर सहित कई अन्य बॉलीवुड हस्तियों को इंस्टाग्राम पर धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजकर ₹5 करोड़ तक की रंगदारी मांगने का आरोप है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी धमकी
जांच में सामने आया है कि आरोपी वैभव मिश्रा ने बॉलीवुड सितारों को डराने के लिए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया था। उसने खुद को बिश्नोई गैंग का करीबी बताते हुए सितारों से भारी-भरकम रकम की मांग की थी। हालांकि, मुंबई पुलिस ने साफ तौर पर स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार आरोपी वैभव मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई लेना-देना या संबंध नहीं है। उसने सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में बने हालिया डर के माहौल का फायदा उठाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की थी। 

डिजिटल फुटप्रिंट से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तुषार कपूर को कुछ दिन पहले 'हैरी बॉक्सर' (बिश्नोई गैंग का कथित सदस्य) के नाम से एक ऑडियो नोट मिला था, जिसमें ₹5 करोड़ मांगे गए थे। इसके ठीक बाद आयुष्मान खुराना को भी इसी तरह का धमकी भरा इंस्टाग्राम मैसेज मिला। सितारों की शिकायत के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने तकनीकी तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल और आईपी (IP) एड्रेस को ट्रैक करते हुए आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट का पीछा किया, जो सीधे बेंगलुरु जा पहुंचा। इसके बाद मुंबई पुलिस की एक विशेष टीम ने बेंगलुरु में छापेमारी कर वैभव को हिरासत में ले लिया। 

प्रैंक या सोची-समझी साजिश?
मूल रूप से बिहार का रहने वाला वैभव मिश्रा एक पढ़ा-लिखा सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल है। पुलिस को शुरुआती पूछताछ में संदेह है कि उसने तुरंत पैसे कमाने या फिर पब्लिसिटी पाने (प्रैंक) के लिए ऐसा किया होगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वैभव ने गलत तरीकों से इन सेलिब्रिटीज के पर्सनल नंबर या अन्य डेटा हासिल किए थे और क्या इस साजिश में उसके साथ कोई और भी शामिल है। 

फिलहाल, पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लेकर आई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। 

Related Articles

Designed & Maintained by Webxces

© 2025 | News WiFi